हम हिंदुस्तानी #humhindustani

  


        मेरे देश के वीर जवान भाइयों को मेरा कृतज्ञता से भरा शत-शत नमन

ये कहानी वैसे तो काल्पनिक है, लेकिन हर वीर जवान की वीरता को दर्शाती है। यह मेरे देश के हर एक वीर जवान की कहानी है।

ये कहानी उन वीरों को समर्पित है, जिन्होंने देश की आन-बान-शान के लिए अपनी जान तक को हँसते-हँसते न्योछावर कर दिया।

भारत भूमि की ये धरती संतों की, महापुरुषों की, वीरों की पावन धरती है। इस मिट्टी में कई महापुरुषों ने जन्म लिया और अपने कार्य से भारत देश की मिट्टी को गौरवान्वित कर दिया।

जब-जब इस देश पर जरा सी आंच आई, तब-तब देश के वीरों ने अपनी जान की बाजी लगा दी। अपने माँ की ममता, बाप का साया, बहन की राखी, बच्चों का भविष्य, पत्नी का सिंदूर, महबूबा के सपने सब तिरंगे में लिपटाकर देश को भेंट चढ़ा दिए।

ऐसे ही एक वीर की कहानी हम आपको बताने जा रहे हैं, जिसके शौर्य ने भारत देश का सीना चौड़ा कर दिया। जिसकी शहादत ने हर एक भारतवासी की आँखें नम कर दी।

महाराष्ट्र संतों की और शूर वीरों की भूमि है। कई महापुरुषों ने इस मिट्टी में जन्म लिया है, अपने कार्य से इस भूमि को गौरवान्वित किया है। छत्रपति शिवाजी महाराज ने इस महाराष्ट्र की भूमि का स्वर्णांकित इतिहास रचा। राष्ट्रमाता माँ जिजाऊ साहब के स्वराज्य के सपने को साकार किया।

उस महाराष्ट्र के लातूर जिले के सपूत की ये कहानी है।

स्पेशल विमान से विजय का पार्थिव शरीर लातूर लाया गया। कलेक्टर ऑफिस के मैदान में उन्हें मानवंदना दी जाने वाली थी। पूरे जिले से लोग आए हुए थे। विजय का परिवार अपने वीर सपूत की अगवानी में मौजूद था।

जैसे ही शवपेटी मैदान में लायी गई, माँ की ममता का सैलाब उमड़ पड़ा। अपर्णाजी को चक्कर आ गया और वह गिरने ही वाली थीं कि जया ने पकड़ कर उन्हें कुर्सी पर बिठा दिया।

"माँ... माँ... देखो मैं यहाँ छुपा हूँ।" अपर्णाजी के कानों में नन्हें विजय की आवाजें गूँजने लगीं। उसका बचपन उनकी आँखों के सामने आकर खड़ा हो गया।

अपर्णा उदगीरकर और सुबोध उदगीरकर इस अध्यापक दम्पत्य के घर में इस वीर सपूत का जन्म हुआ था। घर में देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक वातावरण था। सुबोध जी के पिताजी स्वतंत्रता सेनानी थे। उन्होंने मराठवाड़ा मुक्ति संग्राम में अपना बहुमूल्य योगदान दिया था। विजय के कानों पर बचपन से देशभक्ति की बातें आती रही थीं।

छोटे से विजय को सवाल पूछने का बड़ा शौक था। अपने अध्यापक माँ-बाप से, दादा-दादी से, हरदम कोई न कोई सवाल पूछता रहता। स्कूल में शिक्षकों से भी अधिक सवाल पूछने वाला वही एक विद्यार्थी था।

एक दिन जब अध्यापक कक्ष में छत्रपति शिवाजी महाराज का इतिहास पढ़ा रहे थे -

"बच्चों, हमारे देश के महान राजा छत्रपति शिवाजी महाराज ने हमारे सामने वीरता का अद्भुत उदाहरण रखा है। उनके नक्शे-कदम पर चलकर हमारे देश के क्रांतिकारियों ने देशभक्ति की मिसाल कायम कर दी। जान की कीमत देकर देश को आजादी दिलाई। हम सबको देश के लिए बलिदान देने के लिए सदा तैयार रहना चाहिए।"

अध्यापक की इन बातों का विजय के मन पर बड़ा असर हुआ। वह दिनभर उसी बात पर सोचता रहा।

घर लौटते ही माँ से पूछने लगा, "माँ, देश की सेवा कैसे करते हैं?"

"देखो बेटा, अभी तो मैं खाना बना रही हूँ, बाद में बताऊँगी।"

माँ काम में व्यस्त हैं, जवाब नहीं दे रही, ये देखकर नन्हा विजय दादी के पास गया। दादी तुलसी के सामने आँखें बंद करके कोई प्रार्थना कर रही थीं। उतने में दादाजी दाखिल हुए। विजय दौड़ते हुए दादाजी के पास चला गया।

"दादाजी, आप मुझे एक बात बताएँगे?"

"हाँ बेटा, जरूर बताएँगे, बोलो क्या बात है?"

"देश की सेवा कैसे की जाती है?"

"ओ मेरे नन्हें सिपाही, बैठ जा, मैं तुम्हें बताता हूँ, देश की सेवा कैसे करते हैं।"

दादाजी नन्हें विजय का हाथ पकड़ कर आंगन में डाली हुई चारपाई पर बैठ गए। विजय दादाजी के मुँह को उत्सुकता से ताकता रहा।

"देखो बेटे, जब हमारा देश गुलाम था, तब देश के चंद्रशेखर आजाद जैसे कई क्रांतिकारी वीरों ने अपनी कुर्बानी देकर देश को आजादी दिलाई। आद्य क्रांतिगुरु लहूजी सालवे ने अपनी तालीम में उमाजी नाईक, चाफेकर बंधु, महात्मा फुले, वासुदेव बलवंत फड़के, आगरकर, नाना छत्रे, ऐसे कई वीर तैयार किए। इनमें से कुछ ने अंग्रेजों से लड़ाई की और उन्हें देश छोड़कर जाने के लिए मजबूर किया। कुछ ने समाज में क्रांति की। दोनों ही उच्च कोटि की देश सेवाएँ हैं। आज भी हमारे सेना के जवान अपनी जान हथेली पर रखकर देश की सुरक्षा के लिए सीमा पर तैनात हैं। और भी कई तरह से देश की सेवा की जा सकती है।"

"वो कैसे दादाजी?" नन्हें विजय ने बड़ी अधीरता से पूछा।

"बताता हूँ, देखो बेटा, और एक सेवा वह भी थी जिन्होंने समाज सुधार के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। जिनमें महात्मा फुले, सावित्रीबाई फुले, डॉ. बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर जिन्होंने शोषित पीड़ित समाज के उद्धार के लिए अपने जीवन के सारे सुखों का त्याग कर दिया। देश की मिट्टी में उन महापुरुषों के त्याग और समर्पण की महक सदा रहेगी। उनका कार्य देश की हर पीढ़ी को मार्गदर्शन करता रहेगा। अगर चाहे तो देश का हर एक नागरिक अपने कार्य से देश की सेवा कर सकता है। मजदूर से लेकर बड़े अफसर तक। बस वह काम पूरी ईमानदारी से करना चाहिए।" दादाजी ने विजय को देशभक्ति और देशसेवा का अर्थ समझा दिया।

विजय, एन.डी.ए. एग्जाम द्वारा सेना में मेजर के पद पर दो साल से कार्यरत था। उसकी शादी का रिश्ता पक्का करने के लिए उसे घर बुलवाया गया। उसके मन की बात जानने की जिम्मेदारी सुबोध जी ने विजय की माँ पर डाल दी।

"विजो, बेटा तुम जया को तो जानते ही हो। अच्छी और सुशील लड़की है। तुम दोनों एक साथ पढ़े हो। एक-दूसरे के दोस्त हो। हमें लगता है कि तुम दोनों की जोड़ी अच्छी रहेगी। तुम हाँ कर दो तो रिश्ता पक्का कर लेते हैं।"

माँ ने विजय के मन की बात कही थी। वो उसे मन ही मन चाहता था। जया भी उसे पसंद करती थी। मगर उसने जया को और जया ने उसको ये बात बताई नहीं थी। मगर घरवालों को इस बात का अंदाजा था।

"माँ, जैसा आप ठीक समझें। मैं आपकी बात थोड़े ही टालने वाला हूँ।"

बेटे की बात पर कान लगाए बैठे हुए सुबोध जी हॉल में से बोले - "तो फिर कल ही हम रिश्ते की बात पक्की कर लेते हैं।"

"जैसा आप ठीक समझें।" माँ मैं शादी अपनी मर्जी से करूँगा ये कहने वाला विजय झट से राजी हो गया क्योंकि माँ ने उसी लड़की की बात की जो सालों से उसके मन में बसी थी।

रात का खाना खा कर विजय अपने दोस्तों से बातें करते आंगन में बैठा था। घर के फोन की रिंग बजने लगी। सुबोध जी ने फोन उठाया और विजय को आवाज लगाई।

"विजो, तुम्हारे हेडक्वार्टर से फोन है।"

विजय दौड़ते हुए आकर फोन लिया।

"मेजर विजय, कल ही आपको हेडक्वार्टर को रिपोर्ट करना है। इसमें कोई भी लापरवाही नहीं होनी चाहिए। दुश्मन देश ने हमला कर दिया है।"

"यस सर।"

विजय ने रिसीवर नीचे रखा।

"पापा मुझे कल जाना होगा।"

"मगर कल तुम्हारी सगाई है।"

"वो बाद में भी हो सकती है। इस वक्त देश को मेरी जरूरत है।"

"जया और उसके घरवाले नाराज हो जाएँगे।"

"जया से मैं बात करूँगा। वो अपने घरवालों को समझा देगी, आप चिंता न करें।"

सुबह उठते ही विजय जया के घर पहुँच गया। एक गुलाब के फूलों का गुलदस्ता और उस पर एक चिट्ठी थी, जिस पर कुछ लिखा था। जया के हाथ उसने वो गुलदस्ता थमा दिया। जया ने चिट्ठी खोलकर देखा।

"मैं वापस आऊँगा, मेरा इंतजार करना।"

उस अनकही बात को वह समझ गयी।

"ग्यारह बजे फ्लाइट है।"

"हूँ।"

थोड़ी देर उसके पास बैठ कर जाने के लिए उठ खड़ा हो गया। जया के होंठ कुछ कहने के लिए थरथरा उठे। "रुक जाओ ना।" ये बात उसने अपने होंठों में दबा दी। लेकिन वही बात आँखों से बाहर निकल आयी।

विजय ने उसके माथे को चूम कर झट से बाहर निकल आया। पलट कर देखा भी नहीं। उसकी भी आँखें भरी हुई थीं।

दुश्मन देश के अचानक हुए हमले को रोकने के लिए विजय अपनी यूनिट के साथ मोर्चा संभाले हुए था।

"पूरे जोश के साथ लड़ेंगे हम। दुश्मन को हम जल्द ही खदेड़ देंगे मेरे बहादुर साथियों।" वह अपनी टीम का हौसला बढ़ा रहा था। लड़ते हुए पंद्रह दिन बीत चुके थे। उसके कुछ साथी शहीद हो गए थे और कुछ जख्मी हो गए थे। जख्मी साथियों को बंकरों में सुरक्षित रखकर वह अकेले ही दुश्मन का सामना कर रहा था। हेडक्वार्टर से उसका संपर्क टूट गया था। वह इलाका बहुत दुर्गम था। इसी वजह से सेना की तरफ से मदद आने में देर हो रही थी। अब जो भी करना था उसे ही करना था। वह बहादुरी से देश की सुरक्षा के लिए डटकर मुकाबला कर रहा था।

उसने देखा कि सीमापार से दस-पंद्रह दुश्मन सेना के जवान फायरिंग करते हुए चोटी उतर रहे हैं। उसने भी अपनी AK-47 राइफल से फायरिंग शुरू की। उधर से फायरिंग और जोर से शुरू हुई। एक गोली आकर सीधे विजय को कंधे पर छेद कर निकली।

उसने अपनी वर्दी निकालकर कंधे पर बाँध दी और चुपचाप बंकर में बैठा उन जवानों का इंतजार करने लगा। वह उन्हें देख रहा था, मगर वो लोग उसे नहीं देख पा रहे थे। उन्हें ऐसा लगा कि सारे जवानों की गोली लगने से मौत हो गई।

वो लोग बंकर के एकदम पास आते ही विजय ने गोलियाँ चलानी शुरू कर दीं। अचानक हुए हमले से वे लोग बौखला गए। उन्हें कुछ समझ नहीं आ रहा था। विजय ने उनके सारे लोग ढेर कर दिए। उनमें से एक जख्मी जवान ने विजय की छाती को निशाना बनाया। विजय ने अपना सारा जोर लगाकर "भारत माता की जय" बोलकर सारी गोलियाँ उस जवान के सीने में उतार दीं। और तिरंगा फैलाकर देश की मिट्टी चूमकर देश के वीर सपूत ने अपनी आँखें मूँद लीं। हर तरफ शांति छा गई थी।

मेजर विजय को देशभक्ति की मिसाल कायम करने के लिए मरणोपरांत परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया। वह सम्मान जया ने स्वीकार किया, जो विजय के साथ फेरे न लेते हुए अपनी तरफ से उसके पत्नीत्व को स्वीकार कर विजय के घर में रहकर उसके माता-पिता और परिवार की सेवा कर रही थी।

मंच पर गीत गूँज रहा था -
कर चले हम फ़िदा जान-ओ-तन साथियों,
अब तुम्हारे हवाले वतन साथियों।

जय हिन्द!!

©® छाया बेले



टिप्पण्या

या ब्लॉगवरील लोकप्रिय पोस्ट

चांगली स्त्री: समाजाने घडवलेला सापळा की अजून काही? (Reality of Good Woman)

गालावर पडलेलीच थप्पड असते असं नाही : स्त्रीच्या आत्मसन्मानावरचे अदृश्य प्रहार

नवीन वर्षाचे स्वागत करताना .